राजनीतिः 15 वर्ष की आयु में ही संघ से जुड़े, 5 सालों से जिला उपाध्यक्ष पद पर कार्य कर रहे डेलू
संगरिया के प्रमोद डेलू हनुमानगढ़ भाजपा के नये जिलाध्यक्ष नियुक्त
बिश्नोई न्यूज़ हनुमानगढ़।
भाजपा के संगठनात्मक चुनाव के तहत 27 जनवरी को संगरिया के प्रमोद डेलू को हनुमानगढ़ का जिलाध्यक्ष घोषित किया गया। संघ में गहरी पैठ रखने वाले डेलू के सामने नामांकन भरने वाले सभी प्रत्याशियों ने तय समय पर फॉर्म वापस ले लिए। पार्टी पर्यवेक्षक एवं प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल व जिला चुनाव प्रभारी इंद्रा चौधरी ने सर्वसम्मति बनाने के लिए सुबह एक रिसॉर्ट में मीटिंग की। इसके बाद जंक्शन स्थित भाजपा कार्यालय में मंडल अध्यक्ष और जिला पदाधिकारियों की बैठक में नए जिलाध्यक्ष की घोषणा की गई।
निवर्तमान जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक ने सबसे पहले साफा पहनाकर उनका अभिनंदन किया। पार्टी को ऐसे व्यक्ति की तलाश थी जो सभी को साथ लेकर संगठन को मजबूत कर सकें। साथ ही 45 से 60 वर्ष आयु के हो। इसीलिए जिलाध्यक्ष के लिए पार्टी के फॉर्मेट में डेलू फिट बैठ रहे थे। वे 52 वर्ष के हैं।
डेलू लगभग 15 वर्ष की आयु में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए थे। वर्ष 2019 से लगातार ने जिला उपाध्यक्ष के पद पर कार्य कर रहे हैं। संघ के साथ-साथ वे भाजपा के प्रति भी हमेशा समर्पित रहे हैं। विधानसभा चुनाव में भी पार्टी ने उन्हें विस्तारक का दायित्व सौंपा। लोकसभा चुनाव में वे
बीकानेर संभाग के विस्तारक रहे। उनके नाना सूरजाराम जन संघ पार्टी से जुड़े रहे थे। नाना के सानिध्य में ही प्रमोद डेलू समझ पकड़ते ही आरएसएस से जुड़ गए। उनके नाम पर किसी भी व्यक्ति को आपत्ति नहीं थी। इसी कारण उनको जिलाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है।